नेछवा. इलाके के गांव मीलों की ढाणी (मिरण) में एक युवक ने रस्सी से गला घोंटकर पत्नी की हत्या कर दी। वह गुरुवार रात इस घटना को अंजाम देने के बाद फरार हो गया। प्रारंभिक तौर पर सामने आया है कि वह आपराधिक प्रवृत्ति व आदतन शराबी है। इसी वजह से पति-पत्नी के बीच अनबन चल रही थी और गुरुवार रात दोनों में खाना बनाने की बात पर विवाद हुआ था। विवाहिता के पीहर पक्ष ने पति के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दी है।
पुलिस के मुताबिक ताराचंद (26) पुत्र गणपतराम का छह साल पहले जैसलास (जसवंतगढ़) की गीता के साथ विवाह हुआ था। पांच दिन पहले गीता अपने पीहर गई थी। गुरुवार शाम को वह वापस लौटी थी। रात को सीकर से घर आए पति से खाना बनाने की बात को लेकर विवाद हो गया। इसी बात को लेकर ताराचंद ने उसका गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद वह घर से भाग निकला। ताराचंद से अलग रहने वाले पिता गणपतराम व छोटा भाई सुरेश सुबह जल्दी खेत में निनाण करने चले गए थे। करीब दस बजे वापस लौटे तो गीता का कमरा बंद मिला और बकरियां चौक में खुले घूम रही थी। इस पर सुरेश कुमार ने भाभी को आवाज दी तो कोई जवाब नहीं मिलने पर कमरा खोला। अंदर गीता चारपाई पर लेटी थी, लेकिन बगल में जाकर देखा तो मुहं खुला व गले पर दबाने के निशाने थे।
इस पर दौड़कर उसने अपने पिता व पड़ोसियों की सूचना दी। मामले की जानकारी मिलने पर डीएसपी रजनीश पूनियां मौके पर पहुंचे। पुलिस का कहना है कि गले पर मिले निशान रस्सी के हैं। इस मामले में विवाहिता के ताऊ मगनाराम ने ताराचंद के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। डीएसपी रजनीश पूनियां ने बताया कि ताराचंद के खिलाफ लोसल थाने में चोरी के मुकदमे के अलावा कई जगह मामले दर्ज होने की संभावना है। दो साल पहले भी उसने पत्नी की बेरहमी से पिटाई की थी। उसके संभावित ठिकानों पर दबिश देकर ढूंढऩे का प्रयास किया जा रहा है।Source: Dainik Bhaskar
0 comments:
Post a Comment