कानपुर। यदि केंद्रीय कोयला मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल यह सोचते हैं कि पुरानी पत्नियां अपना आकर्षण खो देती हैं तो भाजपा में उनके कुछ 'मित्रों' ने उनके लिए नई पत्नी ढूंढ ली।
बृहस्पतिवार को कानपुर में एक पोस्टर दिखा, जिसमें एक तरफ श्रीप्रकाश जायसवाल सेहरा बांधे और दूसरी तरफ फिल्म अभिनेत्री राखी सावंत शादी के जोड़े में दिख रही थी। इस पोस्टर में लिखा था, नई शादी नया मजा।
इस मौके पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने ढोल-मंजीरे बजाकर शादी की खुशिया मनाई और बाद में जायसवाल के पुतले को आग भी लगाई।
लेकिन शुक्रवार को इस मजाक रूपी विरोध प्रदर्शन से राखी सावंत भड़क उठी। राखी ने भाजपा नेताओं से माफी मांगने की मांग करते हुए कहा कि क्यों नहीं वे जायसवाल की शादी स्मृति ईरानी या हेमा मालिनी से करा देते हैं।
गौरतलब है कि जायसवाल ने ट्वंटी-20 विश्व कप में भारत की पाकिस्तान पर जीत के बाद कहा था कि नई-नई जीत और नई-नई शादी का अपना महत्व होता है, जैसे-जैसे समय बीतता जाता है, जीत पुरानी होती जाती है और उसमें वह मजा नहीं रहता है।
इसी प्रकार जैसे-जैसे समय बीतता जाता है, पत्नी पुरानी होती जाती है, वैसे-वैसे उसका मजा भी पुराना होता जाता है।Source: Dainik Jagran
0 comments:
Post a Comment